राधा गोविंद विवि में नहीं होगी जेईई मेंस की परीक्षा
रामगढ़, 01 अप्रैल (हि.स.)। जेईई मेंस की परीक्षा रामगढ़ जिले के राधा गोविंद विश्वविद्यालय परिसर में नहीं होगी। रामगढ़ डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज की रिपोर्ट पर टाटा कंसलटेंसी सर्विस (टीसीएस) ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को टीसीएस ने रामगढ़ जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन को ई-मेल से परीक्षा केंद्र को रद्द करने की जानकारी दी। राधा गोविंद विश्वविद्यालय में परीक्षा देने पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को रांची जिले के तुपुदाना स्थित कॉलेज में सेंटर स्थानांतरित किया गया है। इसकी जानकारी भी सभी परीक्षार्थियों को दे दी गई है।
संख्या कम होने का दिया हवाला
टीसीएस ने राधा गोविंद यूनिवर्सिटी में 2 अप्रैल से 8 अप्रैल तक ऑनलाइन एक्जाम करने का शेड्यूल बनाया था। लेकिन जब वहां कंप्यूटर से छेड़छाड़ हुई और टीसीएस कंपनी के ही कर्मचारियों के द्वारा कंप्यूटर सिस्टम बदल दिया गया, तो पूरे मामले में भूचाल आ गया। रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई और जिला प्रशासन ने भी जांच कर कंप्यूटर में छेड़छाड़ किए जाने की पुष्टि कर दी। डीसी ने पूरी जांच रिपोर्ट एनटीए और टीसीएस को भेज दी। जांच रिपोर्ट मिलते ही टीसीएस ने एक्शन लिया। हालांकि राधा गोविंद विश्वविद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र को रद्द करने के लिए परीक्षार्थियों की संख्या कम होने का हवाला दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

