प्रदूषण और अत्यधिक दोहन के कारण संकट से घिरी है पृथ्वी : डालसा

WhatsApp Channel Join Now
प्रदूषण और अत्यधिक दोहन के कारण संकट से घिरी है पृथ्वी : डालसा


प्रदूषण और अत्यधिक दोहन के कारण संकट से घिरी है पृथ्वी : डालसा


रामगढ़, 22 अप्रैल (हि.स.)। विश्व पृथ्वी दिवस पर जिला विधिक प्राधिकार की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रामगढ़ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मो तौफीकुल हसन और सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अनिल कुमार के मार्गदर्शन में एसएस प्लस टू हाई स्कूल, प्राथमिक विद्यालय वनतारा और गोला में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस मौके पर बच्चों को जानकारी देते हुए चीफ एलएडीसी सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि हर वर्ष 22 अप्रैल को विश्व पृथ्वी दिवस मनाया जाता है। जिसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और पृथ्वी को बचाने के लिए प्रेरित करना है। इस वर्ष विश्व पृथ्वी दिवस का विषय हमारी शक्ति, हमारी पृथ्वी है।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पृथ्वी हमारा घर है। यह हमें जीवन जीने के लिए हर आवश्यक वस्तु देती है। शुद्ध वायु, स्वच्छ जल, उपजाऊ भूमि और अनगिनत प्राकृतिक संसाधन। लेकिन आज मानव की लापरवाही और अत्यधिक दोहन के कारण हमारी पृथ्वी खतरे में है। पृथ्वी पर बढ़ता प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन, वनों की अंधाधुंध कटाई, जैव विविधता का नाश, ये सभी हमारे अस्तित्व के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। हम सभी मिलकर प्रयास करें, तो हम अपनी धरती को बचा सकते हैं।

कार्यक्रम में बताया गया कि हम अपने दैनिक जीवन में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव लाकर पृथ्वी को बचा सकते हैं। सबसे पहले हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए और वनों की कटाई को रोकना चाहिए। हमें पानी की बचत करनी चाहिए। जल ही जीवन है, और इसका सही उपयोग करना हमारी जिम्मेदारी है। प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करना चाहिए। ऊर्जा की बचत करनी चाहिए। अनावश्यक बिजली उपकरणों को बंद रखना चाहिए और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों का उपयोग बढ़ाना चाहिए। यदि हम पृथ्वी को बचाएंगे, तो पृथ्वी हमें बचाएगी।

सभी बच्चों ने संकल्प लिया कि वे पर्यावरण की रक्षा करेंगे, पौधे लगाएंगे और उन्हें बचाएंगे। मौके पर एसएस प्लस टू हाई स्कूल के प्रधानाचार्य पुनम अग्रवाल, खालसा के अधिकार मित्र विनोद कुमार महतो, रामदेव महतो, अशोक ठाकुर, उमेश गुप्ता, टिकेश्वर महतो सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story