सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार लिए लगातार कर रही काम : दीपिका

WhatsApp Channel Join Now
सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार लिए लगातार कर रही काम : दीपिका


गाेड्डा, 22 जून (हि.स.)। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य और पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने महागामा विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आम लोगों को बेहतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

वहीं इस दौरान मेहरमा प्रखंड की गझंडा पंचायत के अमडीहा गांव में लगभग 57.58 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इससे जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा और जलजमाव की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

छात्रावास के मरम्मत और जीर्णोद्धार का शिलान्यास

मंत्री ने महागामा प्रखंड के सिनपुर स्थित मदरसा जामिया इस्लामिया छात्रावास और परसा स्थित मिल्लत कॉलेज छात्रावास के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्यों का भी शिलान्यास किया। करीब 92 लाख रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इस दौरान महागामा प्रखंड परिसर में 6.11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बीडीओ, सीओ, पर्यवेक्षीय, तृतीय और चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों के आवास, परिसर विकास एवं अन्य निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया गया।

मंत्री ने कहा कि अधिकारियों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध होने से जनसेवा अधिक प्रभावी और समयबद्ध होगी।

इसके अलावा प्रखंड परिसर में 25.76 लाख रुपये की लागत से पार्किंग स्थल और 17.90 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से परिसर अधिक व्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनेगा।

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने महागामा में प्रस्तावित 300 बेड अस्पताल के बाद मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाने की बात कही। साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं आज आर्थिक और सामाजिक बदलाव की मजबूत वाहक बनकर उभरी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story