अंतिम अर्घ्य के साथ चार दिवसीय चैती छठ महापर्व संपन्न
रांची, 25 मार्च (हि.स.)। अंतिम अर्घ्य के साथ बुधवार को नेम और निष्ठा का चार दिवसीय चैती महापर्व छठ संपन्न हो गया।
व्रतियों ने तडके सुबह उदीयमान सूर्य काे अर्घ्य दिया। व्रतियों के साथ उनके परिवार के सदस्य और आस-पास के लोगों ने भी दूध और जल से भगवान भुवन भास्कर को अर्घ्य दिया । कई व्रती रांची के जलाशयों में, जबकि कई लोगों ने अपने घर की छत पर बनी कृत्रिम पानी की टंकी में ही अर्घ्य देेेकर विधिपूर्वक भगवान सूर्य का पूजन किया और दंडवत प्रणाम कर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर कर्णप्रिय छठ गीतों से रांची का वातावरण सराबोर हो गया। बाद में व्रतियों ने प्रसाद खाकर और पारण किया।
उल्लेखनीय है कि चार दिवसीय चैती छठ 22 मार्च को नहाय-खाय के साथ शुरू हुई थी। छठ को लेकर रांची के विभिन्न छठ घाटों की नगर निगम की ओर से साफ-सफाई की गई थी। साथ ही कई छठ पूजा समितियों ने खुद से घाटों पर सुंदर लाइटिंग की सजावट और लाउडस्पीकर की व्यवस्था की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

