होटल और रेस्टोरेंट में लगे आरओ की खाद्य सुरक्षा विभाग ने की जांच

WhatsApp Channel Join Now
होटल और रेस्टोरेंट में लगे आरओ की खाद्य सुरक्षा विभाग ने की जांच


होटल और रेस्टोरेंट में लगे आरओ की खाद्य सुरक्षा विभाग ने की जांच


रामगढ़, 18 जून (हि.स.)। रामगढ़ के अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नवल कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से रामगढ़ स्थित विभिन्न आरओ पानी (20 लीटर) प्रतिष्ठानों और होटलों रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने अमृत जल, कोठार, जल सेवा कोठार, हेलो वाटर कोठार, त्रिमूर्ति जल, श्री आरओ जल, जीवन धारा शुद्ध जल, साधना जल, पारसोतीया का निरीक्षण किया। सभी वाटर प्रतिष्ठानों को एनओसी, वॉटर टेस्ट रिपोर्ट और एफएसएसएआई लाइसेंस बनाने का निर्देश दिया गया। सभी वाटर प्रतिष्ठानों से नमूना लिया गया और खाद्य सुरक्षा जांच प्रयोगशाला नामकुम भेजा गया।

साथ ही होटल राज नेक्स्ट, शालीमार स्वीट्स और होटल सम्राट गोला रोड का निरीक्षण किया गया। जिसमें सभी को किचन की साफ सफाई मेंटेन करने का निर्देश दिया गया। उक्त सभी होटलों को पानी की गुणवत्ता का प्रमाण पत्र, फूड हैंडलर्स का वार्षिक मेडिकल सर्टिफिकेट, पेस्ट कंट्रोल संंबंधित रिकॉर्ड, फोस्टेक ट्रेनिंग सर्टिफिकेट जमा करने का निर्देश दिया गया।

शालीमार स्वीट्स गोला रोड में 10 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। शालीमार स्वीट्स से मिल्क केक, राज नेक्स्ट से पनीर तथा होटल सम्राट से बेसन लड्डू का नमूना लिया गया और खाद्य सुरक्षा जांच प्रयोगशाला नामकुम भेजा गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, लेबलिंग, एक्सपायरी तिथि और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया। मौके पर सभी दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे एक्सपायरी उत्पाद न बेचें, सभी खाद्य सामग्री पर स्पष्ट लेबलिंग करें, नियमित पेस्ट कंट्रोल कराएं और होटल एवं रेस्टोरेंट स्टाफ एप्रोन, ग्लव्स और हेडगियर का पालन सुनिश्चित करें।

खाना बनाने में साफ़ पानी का उपयोग करने, कर्मियों की स्वच्छता पर ध्यान देने, एफएसएसएआई मानक वाले खाद्य पदार्थ का प्रयोग करने, उचित लेबलिंग के साथ खाद्य सामाग्री को पेकिंग करने, सिंथेटिक कलर का प्रयोग न करने और अनावश्यक रंगों के इस्तमाल से परहेज करने का निर्देश दिया गया।

जांच टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story