नन्हीं छात्राओं में दिखा मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का दिव्य रूप

WhatsApp Channel Join Now
नन्हीं छात्राओं में दिखा मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का दिव्य रूप


नन्हीं छात्राओं में दिखा मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का दिव्य रूप


रामगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र के पावन अवसर पर श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल में कक्षा चार और पांच की छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूप धारण कर भक्ति, आस्था और भारतीय संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी। छात्राओं की आकर्षक वेशभूषा और भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में कक्षा 4 ए की रहमत कौर ने मां शैलपुत्री, 4 बी की रूही रानी ने मां ब्रह्मचारिणी, 4 सी की कीर्ति भट्टाचार्य ने मां चंद्रघंटा, 4 डी की स्वाति कुमारी ने मां कूष्मांडा, 5 ए की आशवी कुमारी ने मां स्कंदमाता, 5 बी की राही राज ने मां कात्यायनी, 5 सी की दृष्टि ने मां कालरात्रि, 5 डी की शगुन बरनवाल ने मां महागौरी और कक्षा 4 ए की समरीत कौर ने मां सिद्धिदात्री का स्वरूप धारण किया। छात्राओं ने अपने अभिनय और आत्मविश्वास से देवी के विभिन्न स्वरूपों के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया। प्रस्तुति ने संदेश दिया कि मां दुर्गा के नौ स्वरूप साहस, धैर्य, करुणा, ज्ञान और सकारात्मक ऊर्जा के प्रतीक हैं। नवरात्र अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

विद्यालय के प्राचार्य हरजाप सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में सांस्कृतिक मूल्यों, अनुशासन, सामूहिकता और मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का आत्मविश्वास विकसित करती हैं। उन्होंने भारतीय त्योहारों को समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका शिल्पा, ममता, शैवालिनी, सीमा गुप्ता, मनमीत कौर, निशा गुप्ता, शिक्षक चिन्मय, शमशाद और सुनीता का योगदान रहा। शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान परमदीप सिंह कालरा सहित विद्यालय प्रबंधक समिति के सदस्य सरदार मनमोहन सिंह लांबा, हरपाल सिंह अरोड़ा, सुरिंदर पाल सिंह चंडोक सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story