एक बेटे की जिंदगी बचाने में पूरी ताकत से जुटा जिला प्रशासन

WhatsApp Channel Join Now
एक बेटे की जिंदगी बचाने में पूरी ताकत से जुटा जिला प्रशासन


एक बेटे की जिंदगी बचाने में पूरी ताकत से जुटा जिला प्रशासन


एक बेटे की जिंदगी बचाने में पूरी ताकत से जुटा जिला प्रशासन


बोकारो, 21 अप्रैल (हि.स.)। प्रशासनिक संवेदनशीलता का एक मार्मिक उदाहरण उस समय सामने आया, जब जनता दरबार में पहुंचे एक पिता की पुकार पर जिला प्रशासन ने न केवल त्वरित कार्रवाई की, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण के साथ हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिया।

जरीडीह प्रखंड के बक्सपुरा गांव निवासी अवधेश कुमार राय अपने 25 वर्षीय पुत्र अंकित की गंभीर बीमारी को लेकर जनता दरबार पहुंचे थे। मल्टी ऑर्गन पैथोलॉजी (पल्मोनरी एम्बोलिज्म) से जूझ रहे अंकित की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने तुरंत बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार स्वयं अंकित के घर पहुंचे। उन्होंने उसकी सेहत की जानकारी लेने के साथ परिवार को भावनात्मक संबल दिया और अंकित को सकारात्मक सोच बनाए रखने की प्रेरणा दी। बताया गया कि अंकित को बेहतर इलाज के लिए मेदांता सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा, जिसके लिए वह अपने परिजनों के साथ दिल्ली रवाना होगा।

इस दौरान उपायुक्त ने अंकित का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि अब आगे मजबूत रहना है, मायूस नहीं होना है और मुस्कान के साथ आगे बढ़ना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरा जिला उसके स्वस्थ होकर लौटने की कामना कर रहा है।

जिला प्रशासन ने इलाज से लेकर यात्रा तक हर स्तर पर सहयोग सुनिश्चित किया है। सिविल सर्जन को घर पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा रेलवे प्रशासन को बोकारो स्टेशन पर सभी जरूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह पहल दर्शाती है कि प्रशासन केवल नीतियों तक सीमित नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन और उनकी भावनाओं से भी गहराई से जुड़ा है। संकट की घड़ी में एक परिवार को संबल देना ही सच्चे अर्थों में सुशासन की पहचान है।

मौके पर सिविल सर्जन डॉ. ए.बी. प्रसाद, जरीडीह अंचलाधिकारी प्रणव राज, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story