उपायुक्त ने दुर्गा पूजा में समितियों से एक ही दिन प्रतिमा विसर्जन करने का किया आग्रह

WhatsApp Channel Join Now
उपायुक्त ने दुर्गा पूजा में समितियों से एक ही दिन प्रतिमा विसर्जन करने का किया आग्रह


रांची, 18 सितंबर (हि.स.)। आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में विभिन्न पूजा समितियों के साथ बैठक हुई।

बैठक में विधि-व्यवस्था, यातायात, विद्युत, स्वच्छता, अग्निशमन, विसर्जन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों से आपसी समन्वय स्थापित कर एक दिन विसर्जन के लिए आम सहमति बनाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि विसर्जन की व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात और विधि-व्यवस्था को ध्यान में रखकर समन्वित रूप से की जाए। उन्होंने पंडाल निर्माण से लेकर विसर्जन तक निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया।

पंडालों में आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए पर्याप्त मार्ग रखने और बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर या अन्य विद्युत संरचनाओं से सटाकर पंडाल अथवा तोरण द्वार नहीं बनाने पर विशेष जोर दिया गया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्युत कनेक्शन और स्वीकृत लोड लेने और खुले तारों का उपयोग नहीं करने को भी कहा गया।

मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया। वहीं, यातायात पुलिस ने बैरिकेडिंग और आपातकालीन पहुंच सुनिश्चित करने, जबकि नगर पुलिस ने पंडाल परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। पूजा समितियों ने पार्किंग, स्वच्छता, बिजली और विसर्जन से जुड़े सुझाव भी दिए।

बैठक में कई अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story