श्रावणी मेला को लेकर डीसी ने बासुकीनाथ धाम मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला को लेकर डीसी ने बासुकीनाथ धाम मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण


दुमका, 15 जून (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर डीसी अभिजीत सिन्हा ने बासुकीनाथ धाम पहुंचकर मेला क्षेत्र की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने रूट लाइन, संस्कार मंडप, शिवगंगा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इस अवसर पर डीसी ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मेला से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित अवधि के भीतर पूर्ण कर लिया जाए, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो।

डीसी ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लेते हुए निर्देश दिया कि पूरे मेला अवधि के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे। उन्होंने कहा कि नियमित सफाई, कचरा निष्पादन और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध हो सके। शिवगंगा के निरीक्षण के दौरान डीसी ने शिवगंगा की साफ-सफाई का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिया।

विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र और रूट लाइन में लगे सभी विद्युत तारों एवं उपकरणों की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए सभी विद्युत व्यवस्थाएं पूरी तरह सुरक्षित एवं दुरुस्त रहनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र, रूट लाइन और अन्य प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से रात्रि के समय श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक रोशनी की व्यवस्था करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।

इस दौरान डीडीसी, एसडीएम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story