मध्यान भोजन के बर्तनों का डीसी ने किया शुभारंभ
रामगढ़, 28 जुलाई (हि.स.)। जिले के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को मध्याह्न भोजन बेहतर और स्वच्छ तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल की है। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के माध्यम से मध्यान भोजन ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों के लिए थाली और ग्लास वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ डीसी ऋतुराज ने मंगलवार काे किया।
मौके पर डीसी ने कहा कि बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में भोजन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और पोषण का भी विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। डीएमएफटी के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे स्टील की थाली और ग्लास से बच्चों को स्वच्छता के साथ मध्याह्न भोजन ग्रहण करने में सुविधा होगी एवं विद्यालयों में साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी मानकों को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान मध्य विद्यालय प्रखंड मुख्यालय में विद्यार्थियों के बीच थाली और ग्लास का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

