उपायुक्त ने गेतलसूद डैम परिसर में बन रहे कम्यूनिटी सेंटर की गुणवत्ता का दिया निर्देश
रांची, 15 मई (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को गेतलसूद डैम परिसर में पर्यटन विभाग की ओर से बनाये जा रहे कम्यूनिटी सेंटर की कार्यप्रगति से संबंधित समीक्षा बैठक की।
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी।
बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गेतलसूद डैम परिसर में निर्माणाधीन कम्यूनिटी सेंटर की कार्यप्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसी को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए, ताकि यह केंद्र पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों एवं आगंतुकों के लिए उपयोगी एवं आकर्षक सुविधा के रूप में विकसित हो सके।
उपायुक्त ने निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने गेतलसूद डैम में संचालित नौका विहार व्यवस्था की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्चक प्राथमिकता है और नौका विहार के दौरान सभी जरूरी सुरक्षा उपाय, लाइफ जैकेट, प्रशिक्षित कर्मी और आपातकालीन व्यवस्था हर हाल में उपलब्ध रहनी चाहिए।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यटन गतिविधियों के संचालन में सुरक्षा और सुविधा दोनों पहलुओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित एवं बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

