परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को डीसी ने किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को डीसी ने किया सम्मानित


रामगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। रेल परियोजना के अंतर्गत आयोजित मासिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को डीसी ऋतुराज ने सम्मानित किया है। मंगलवार को सम्मान समारोह में डीसी ऋतुराज ने बताया कि सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को सुदृढ़ बनाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जुलाई माह में मासिक परीक्षा आयोजित की गई थी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को टाउन हॉल में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

डीसी ने सभी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि मासिक परीक्षाओं का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों का मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि उनकी सीखने की क्षमता को निरंतर बेहतर बनाना और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना भी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से इसी प्रकार मेहनत एवं लगन के साथ अध्ययन जारी रखने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है। रेल परियोजना के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों का नियमित मार्गदर्शन करते हुए उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान जुलाई माह की मासिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10 वीं के लकी हजाम, वसुंधरा कुमारी, रीमा पोद्दार, अनमोल चंद्र पोद्दार, विद्या कुमारी और कक्षा 12 वीं के शीतल कुमारी, सागर कुमार रजक, मनु कुमारी, दीपिका कुमारी, लखराज कुमार, ज्ञान सुधा, मानसी कुमारी सहित अन्य को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story