डीसी ने की एमटी गोदाम में खाद्यान्न की गुणवत्ता और वजन की जांच

WhatsApp Channel Join Now
डीसी ने की एमटी गोदाम में खाद्यान्न की गुणवत्ता और वजन की जांच


डीसी ने की एमटी गोदाम में खाद्यान्न की गुणवत्ता और वजन की जांच


रामगढ़, 16 सितंबर (हि.स.)। डीसी ऋतुराज बुधवार को मांडू अंचल कार्यालय पहुंचे और विस्तृत औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने पूरे परिसर का भ्रमण कर वहां की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, जन-सुविधाओं तथा संचालित विभिन्न विकास व कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद डीसी ने अंचल कार्यालय के सभी कर्मियों के साथ उनकी ओर से किए जा रहे दैनिक कार्यों और संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

अंचल अधिकारी तृप्ति विजया कुजूर की उपस्थिति में आयोजित इस समीक्षा बैठक के दौरान डीसी ने अंचल स्तर पर लंबित मामलों को शून्य करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) मामलों प्राथमिकता के आधार पर अविलंब निष्पादित किया जाए।

साथ ही प्रखंड क्षेत्र में भवनहीन एवं नए आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए जल्द उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित करने, बच्चों और महिलाओं के लिए पोषाहार आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं मीटा पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन करने का आदेश दिया गया।

निरीक्षण क्रम में डीसी ने अंचल-प्रखंड परिसर स्थित एमटी गोदाम की गहन जांच की। इस दौरान उन्होंने स्वयं खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था का अवलोकन करते हुए मौके पर मौजूद कर्मियों के माध्यम से चावल की बोरियों का वजन (माप) कराया। साथ ही आपूर्ति किए जा रहे नमक और अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता की सूक्ष्मता से जांच की। उन्होंने स्टॉक और आवंटन पंजी का भौतिक सामग्री से मिलान कराया एवं अधिकारियों को सभी अभिलेख पारदर्शी तथा पूरी तरह अद्यतन रखने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त परिसर भ्रमण के दौरान डीसी ने वर्षों पुराने और जीर्ण-शीर्ण भवनों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से अविलंब ध्वस्त करने तथा नए प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का आदेश दिया। साथ ही प्रखंड परिसर स्थित जीआरसी, मांडू में आमजनों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और प्रखंड संसाधन केंद्र में शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया।

निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी तृप्ति विजया कुजूर, प्रखंड विकास अधिकारी रीना कुजूर एवं अंचल तथा प्रखंड कार्यालय के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story