कोर्ट परिसर बना रहा पति-पत्नी के विवाद का अखाड़ा

WhatsApp Channel Join Now
कोर्ट परिसर बना रहा पति-पत्नी के विवाद का अखाड़ा


दुमका, 06 अप्रैल (हि.स.)। कोर्ट परिसर में सोमवार को दाे जाेडे पति-पत्नी के बीच विवाद देखने काे मिला। विवाद का कारण पहली पत्नी के रहते पति ने दूसरी शादी करना था। पहला मामला मसलिया थाना क्षेत्र का था। जहां मसलिया के डुमरी गांव निवासी पति नुरेमान अंसारी पर उसकी पत्नी सबेरा खातून ने जमकर मारपीट की। दोनों के घरवाले भी एक-दूसरे से उलझ गए। पहले व्यवहार न्यायालय परिसर में झड़प हुई। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने समझा-बुझाकर उन्हें बाहर कर दिया।

इसके बाद फिर सेे दोनों पक्ष उलझ गए। करीब आधे घंटे तक पत्नी और उसके परिवार वाले पति की फजीहत करते रहे। पत्नी का आरोप था कि पति ने दूसरी शादी कर ली है और उसे तलाक भी नहीं दे रहा है।

अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके थोड़ी देर बाद एक बार फिर दोनों पक्ष न्यायालय परिसर पहुंचे। जहां तीसरी बार भी पत्नी और उसके परिवार वाले पति को पकड़ मारपीट करने लगे। इसके बाद न्यायालय परिसर में तैनात सुरक्षाबलों के अधिकारियों ने नगर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच दोनों को थाना ले गई। थाना पहुंच पत्नी के लिखित शिकायत पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।

इधर एक अन्य मामले में महिला ने एक व्यक्ति पर चोरी छुपे दूसरी महिला से शादी करने का आरोप लगाकर पिटाई करने लगी। यह हाई वोल्टेज ड्रामा भी करीब एक घंटे तक चला। महिला ने 16 वर्षो से साथ रहने की बात कहते हुए अधिवक्ता से सहयोग लेकर पुलिस से सहयोग मांगी।

पूरे मामले में आरोपित के दूसरी पत्नी के पिता और परिजन मौके पर मौजूद रहे। दूसरी पत्नी के पिता भी दोनों के मामले में हस्तक्षेप कर आरोपित पति को साथ ले जाने के प्रयास में दिखे। दूसरी पत्नी के पिता भी बार-बार आरोपित पति से बेटी का पता और मिलाने की बात कहते रहे। पीडित महिला का नाम मनकी देवी और आरोपित पति का नाम रामभरण दास है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story