ई-परिवहन चालान व्यवस्था से उत्पन्न संकट पर संवेदक संघ 28 को लेगा निर्णय

WhatsApp Channel Join Now
ई-परिवहन चालान व्यवस्था से उत्पन्न संकट पर संवेदक संघ 28 को लेगा निर्णय


रामगढ़, 27 जुलाई (हि.स.)। राज्य सरकार के खनन विभाग की ओर से ई-परिवहन चालान संबंधी पूर्व की अधिसूचना को विलोपित करने के बाद जिले में ईंट, बालू, चिप्स, बोल्डर सहित अन्य लघु खनिज पदार्थों के मूल्य प्रभावित हुए हैं। इसके कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं और लघु खनिजों की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है। इस स्थिति से संवेदक आर्थिक संकट का सामना कर रहा है और उनके कार्यों के भुगतान पर भी अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। इस मुद्दे पर संवेदक संघ ने फैसला लेने का निर्णय लिया है।

रामगढ़ जिला संवेदक संघ की ओर से 28 जुलाई को जिला परिषद मार्केट रेस्टोरेंट में बैठक बुलाई गई है। बैठक में वर्तमान परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

बैठक में जिसमें राज्य सरकार के कथित तानाशाही और मनमाने रवैये के विरोध करने, पर्याप्त मात्रा में लघु खनिज उपलब्ध होने तक सरकारी निर्माण कार्यों को बंद रखने, विभिन्न विभागों की ओर से जारी होने वाली नई निविदाओं के बहिष्कार पर निर्णय लिया जाएगा।

रामगढ़ जिला संवेदक संघ के अध्यक्ष पंकज प्रसाद तिवारी ने कहा कि वर्तमान स्थिति से न केवल संवेदक बल्कि निर्माण कार्यों से जुड़े लाखों मजदूर, हजारों बेरोजगार युवा और उनके परिवार भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सभी संवेदकों से बैठक में उपस्थित होकर एकजुटता के साथ अपने अधिकारों की लड़ाई में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story