जन्माष्टमी पर समिति निकालेगी भगवान कृष्ण की भव्य झांकी, प्रतियोगिता में 150 बच्चे होंगे पुरस्कृत
रांची, 03 सितंबर (हि.स.)। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति, रांची की ओर से मेन रोड के अल्बर्ट एक्का चौक के पास 04 और 05 सितंबर को दो दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति पदाधिकारियों ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
मौके पर आयोजकों ने बताया कि समिति के मुख्य संरक्षक सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की ओर से आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर समिति
के संरक्षक सीपी सिंह, अध्यक्ष मुकेश काबरा, महापौर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार और महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने जानकारी दी।
आयोजकों ने बताया कि जन्माष्टमी के सांस्कृतिक आयोजन स्थल को वंदे मातरम थीम पर सजाया जाएगा और आयोजन स्थल पर 2000 पीस राष्ट्रीय ध्वज का वितरण भी किया जाएगा।
बाल गोपाल प्रतियोगिता बनेगी आकर्षण का केंद्र
समिति के संरक्षक सीपी सिंह, अध्यक्ष मुकेश काबरा ने बताया कि 04 सितंबर श्री कृष्ण के बाल रूप की भव्य झांकी और बाल गोपाल प्रतियोगिता का उद्घाटन समाज एवं धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं के अध्यक्ष एवं सचिव की ओर से किया जाएगा। प्रतियोगिता में 150 से अधिक बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। निर्णायक मंडल में रांची के प्रमुख पत्रकार रहेंगे। बताया गया कि 04 सितंबर को भगवान श्री कृष्ण को समिति की ओर से मोटे अनाज का भोग लगाया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से माखन मिश्री, पंजीरी, बादाम के लड्डू, गिरी के लड्डू, अनरसा, रागी का लड्डू एवं मड़वा का लड्डू शामिल होंगे। भोग एवं आरती के बाद प्रसाद दर्शकों के बीच वितरित किया जाएगा।
वहीं 05 सितंबर को नमो दही हांडी प्रतियोगिता
दूसरे दिन 05 सितंबर की दोहपर 03 बजे नमो दही हांडी प्रतियोगिता सह भजन संध्या एवं नृत्य-नाट्य मंचन का आयोजन होगा। नमो दही हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे।
मुख्य संरक्षक सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कि नमो दही हांडी प्रतियोगिता में भाग लेने वाली पुरुष एवं महिला गोविंदा टीमों के बीच समिति अलग-अलग रंगों की टी-शर्ट देगी। प्रतियोगिता में 18 वर्ष से कम उम्र के गोविंदा भाग नहीं ले सकेंगे।
पुरूषों की हांडी 25 और महिला गोविंदा की हांडी की ऊंचाई होगी 20 फीट
महिला गोविंदा के लिए दही हांडी की ऊंचाई 20 फीट और पुरुष गोविंदा के लिए 25 फीट रखी गई है।
पुरुष गोविंदा वर्ग में प्रथम पुरस्कार 71,000 और द्वितीय पुरस्कार 41,000 रुपये एवं महिला गोविंदा वर्ग में प्रथम पुरस्कार 51,000 एवं द्वितीय पुरस्कार 31,000 रुपये की राशि दी जाएगी।
मुंबई एवं वृंदावन-मथुरा के कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुति मुंबई के सतीश कृष्णमूर्ति एंड पार्टी के 40 कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही वृंदावन और मथुरा के राजेश शर्मा एंड पार्टी श्री कृष्ण के रास एवं झांकियों की लीलाओं का मंचन करेगी।
आपात स्थिति के लिए नागरमल मोदी सेवा सदन एवं ऑर्किड हॉस्पिटल के डॉक्टरों के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था आयोजन स्थल पर रहेगी। मारवाड़ी युवा मंच की ओर से आयोजन स्थल पर पानी, चाय एवं बिस्कुट की निशुल्क व्यवस्था की जाएगी।
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि 04 और 05 सितंबर के आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों एवं बच्चों के लिए बैठने की सुंदर व्यवस्था की गई है। समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात लगे हुए हैं।
उपमहापौर नीरज कुमार ने कहा कि इस बार सुरक्षा की व्यवस्था मजबूत रहेगी। नगर निगम आयोजन स्थल पर पानी, शौचालय एवं साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था रखेगा।
समिति के संरक्षक सीपी सिंह ने बताया कि 16 वीं बार नमो दही हांडी जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
मौके पर संरक्षक सीपी सिंह, अध्यक्ष मुकेश काबरा, महापौर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, रविंद्र मोदी, ऐश्वर्य सेठ, रमेंद्र कुमार, प्रमोद सारस्वत, संजय पोद्दार, रमेश सिंह, सतीश सिन्हा, ललन श्रीवास्तव, राज वर्मा, पूनम, नीतू, नीतू सिंह, भीष्म सिंह सहित अन्या उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

