तेतुलिया वन भूमि घोटाला में सीआईडी ने बिहार के पटना से शैलेश सिंह को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

WhatsApp Channel Join Now
तेतुलिया वन भूमि घोटाला में सीआईडी ने बिहार के पटना से शैलेश सिंह को किया गिरफ्तार, भेजा जेल


रांची, 08 जुलाई (हि.स.)। अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने बोकारो जिला के तेतुलिया मौजा में हुए वन भूमि घोटाले में शैलेश कुमार सिंह को बिहार के पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार करने के बाद शैलेश को सीआईडी टीम रांची लेकर पहुंची और न्यायालय में प्रस्तुत किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया गया।

सीआईडी से मिली जानकारी के अनुसार शैलेश सिंह ने कंपनी बनाकर 10 करोड़ रुपये अंसारी बंधुओं से 75 एकड़ वन भूमि खरीदी थी। साथ ही इसी बिक्री कर अवैध कमाई की थी। इजहार अंसारी ने तेतुलिया की 103 एकड़ वनभूमि पर फर्जी दस्तावेज के सहारे अपना कानूनी अधिकार कायम कर लिया था। उसके इस काम में बोकारो के कई अधिकारियों ने मदद की थी। इजहार अंसारी को मदद करने के आरोप में एक अंचल अधिकारी को बर्खास्त किया जा चुका है।

तेतुलिया में हुए इस वन भूमि घोटाले की जांच सीआईडी के अलावा ईडी भी कर रही है। ईडी ने अपनी जांच में यह पाया है कि इजहार अंसारी ने अपने पूर्वजों के जरिये पुरुलिया जिला कार्यालय की ओर से की गयी नीलामी में 103 एकड़ जमीन खरीदने के फर्जी दस्तावेज के आधार पर अपना दावा किया था। राजस्व से जुड़े अधिकारियों ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर उनके नाम पर म्यूटेशन कर दिया। इसके बाद उसने जमीन बेची। सीआईडी को जांच के दौरान शैलेश के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की खरीद बिक्री करने का साक्ष्य मिला है। मामले का अनुसंधान जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story