चेंबर ने नगर विकास मंत्री से मिलकर की व्यापारियों को भेजे नोटिस को निरस्त करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
चेंबर ने नगर विकास मंत्री से मिलकर की व्यापारियों को भेजे नोटिस को निरस्त करने की मांग


रांची, 03 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम की ओर से हाल के दिनों में अपर बाजार के व्यापारियों को नोटिस भेजकर भवन खाली करने के निर्देश पर फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स ने कड़ी आपति जतायी है।

इस संबंध में सोमवार को चेंबर का एक प्रतिनिधिमंडल नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार से मिला और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से व्यापारियों को भेजे गये नोटिस को निरस्त करने का आग्रह किया। साथ ही अपर बाजार में पार्किंग की समस्या का निदान करने की भी बात कही। इसके बाद चेंबर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि नगर निगम की ओर व्यवसायियों को भवन खाली करने का नोटिस एक तुगलगी फरमान है। यह एक अत्यंत गंभीर मामला है। चेंबर इस पर कड़ी आपति दर्ज करता है। मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री से आग्रह करता है कि नोटिस को निरस्त करें और इस संबंध में चेंबर से वार्ता कर समस्या का निदान करें।

उन्होंने रांची नगर निगम के अधिकारियों से भी आग्रह कि वह व्यापारियों के साथ बैठकर बातचीत करें। साथ ही बकरी बाजार में मल्टी स्टोरेज पार्किंग का निर्माण हो, ताकि अपर बाजार की पार्किंग की समस्या का समाधान हो सके। झारखंड चेंबर पिछले कई वर्षों से बकरी बाजार में पार्किंग बनाने का आग्रह करती रही है, लेकिन अभी तक उस दिशा को कोई भी पहल नहीं की गई है। चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि अपर बाजार में 600 से अधिक दुकानें हैं। इससे 10 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। नगर निगम के इस रवैये से व्यवसायियों में भय का माहौल है।

राज्य के आर्थिक विकास में अपर बाजार की सहभागिता महत्वपूर्ण : रोहित

वहीं चेंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि अपर बाजार रांची का बड़ा व्यावसायिक केंद्र है। यहां वर्षों से व्यवसायी व्यापार कर रहे हैं। राज्य के आर्थिक विकास में अपर बाजार की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार और नगर निगम से आग्रह है कि बैठकर बातचीत कर ठोस निर्णय ले।

चेंबर के पूर्व अध्यक्ष आर के सरावगी ने कहा कि व्यवसायियों को नोटिस भेजना बहुत ही गलत है। व्यवसायियों को कोई विकल्प ही नहीं दिया जा रहा है। सरकार और नगर निगम से आग्रह है कि जनहित में कोई वैकल्पिक व्यवस्था बनाए नहीं तो अराजकता फैल जाएगी। व्यवसायियों में डर और भय का माहौल है।

प्रेस वार्ता में विकास विजयवर्गीय, अमित शर्मा, अंजय सरावगी सहित चेंबर के कई पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story