मंत्री से मिलकर चेंबर ने नियमितीकरण योजना का दायरा बढाने का किया आग्रह
चेंबर, 22 अप्रैल (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व में बुधवार को चेंबर के प्रतिनिधिमंडल ने नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार से शिष्टाचार भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में भवन नियमितीकरण योजना बिल लाने के लिए मंत्री का आभार प्रकट किया।
मौके पर प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह योजना राज्य के लाखों भवन मालिकों के लिए लाभकारी होगी।
इस अवसर पर चेंबर की ओर से योजना से संबंधित कुछ आवश्यक संशोधनों के सुझाव भी मंत्री के समक्ष रखे गए। इनमें योजना का दायरा बढ़ाकर 15 मीटर ऊंचाई और 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल तक के भवनों को शामिल करने और योजना की अवधि का विस्तार करने और प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुगम बनाना शामिल है। ताकि अधिकतम लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। साथ ही, पूर्व में निर्मित वेयरहाउस (टेम्परेरी शेड) को भी नियमों में सरलीकरण करते हुए इस योजना के दायरे में शामिल करने का अनुरोध किया गया।
नियमितीकरण योजना का प्रचार-प्रसार करेगा चेंबर : आदित्य
चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह योजना राज्य के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। चेंबर राज्यभर में इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसके बारे में जागरूक हों और इसका लाभ उठा सकें। हम सरकार के साथ मिलकर इसे और अधिक व्यवहारिक और जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को राहत देना और शहरी विकास को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाना है। सरकार इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे लाभान्वित हो सकें। मुलाकात के दौरान राज्य के शहरी विकास एवं व्यापारिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल में चेंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य विकास मोदी, पूर्व अध्यक्ष अंचल किंगर, किशोर मंत्री, आर्किटेक्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल अग्रवाल शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

