चेंबर ने एसएसपी से मिलकर तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री में प्रवेश की मांगी अनुमति

WhatsApp Channel Join Now
चेंबर ने एसएसपी से मिलकर तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री में प्रवेश की मांगी अनुमति


रांची, 21 सितंबर (हि.स.)। शहरी क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री के समय प्रवेश की अनुमति देने के मुद्दे को लेकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात की।

मौके पर प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सुबह और शाम में दो-दो घंटे की नो-एंट्री व्यवस्था के कारण आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति से जुड़े छोटे मालवाहक वाहनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि अभी त्यौहारों का समय भी नजदीक है। ऐसे में जरूरी है कि शहर में सप्लाई चेन निर्बाध रूप से बनी रहे।

उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे ऐसे वाहनों को निर्धारित शर्तों और रूट के अनुरूप कम से कम शाम के समय नो-एंट्री अवधि में प्रवेश और परिचालन की अनुमति देना हितकर होगा।

मुलाकात के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने यह जानना चाहा कि शाम 05 से 07 बजे की नो-एंट्री अवधि में मालवाहक वाहनों की किन-किन मार्गों पर अधिक आवाजाही या यातायात का दबाव रहता है। उन्होंने चेंबर से ऐसे मार्गों की सूची और रूट उपलब्ध कराने को कहा।

एसएसपी ने विचार करने का दिया आश्वासन

एसएसपी ने आश्वस्त किया कि चेंबर से प्राप्त रूट और संबंधित क्षेत्रों में यातायात दबाव की समीक्षा करने के बाद आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री अवधि में प्रवेश की छूट देने के संबंध में उचित विचार किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान जालान रोड क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की समस्याओं से भी एसएसपी को अवगत कराया।

अध्यक्ष ने ट्रांसपोर्ट नगर का किया भ्रमण

ट्रांसपोर्टर्स की समस्याओं को देखते हुए चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल के नेतृत्व में झारखंड चेंबर और रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त रूप से ट्रांसपोर्ट नगर का भी भ्रमण किया।

प्रतिनिधिमंडल ने वहां उपलब्ध व्यवस्था और ट्रांसपोर्ट नगर में व्यवसायियों को व्यवस्थित रूप से स्थान उपलब्ध कराने की संभावनाओं का जायजा लिया।

चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रांसपोर्टर्स को किस प्रकार उचित स्थान उपलब्ध कराया जा सकता है और स्थान आवंटन की प्रक्रिया क्या होगी, इन विषयों पर जल्द ही झारखंड के मुख्य सचिव से मुलाकात कर वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की समस्याओं का व्यावहारिक और स्थायी समाधान निकले।

प्रतिनिधिमंडल में चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा, कार्यकारिणी सदस्य विनीता सिंघानिया, मोनिका गोयनका, रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के राजकिशोर सिंह, रविंद्र दुबे, उदय सिंह, प्रभाकर सिंह, एसबी सिंह सहित अन्य शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story