चेंबर ने की जाम की समस्या दूर करने के लिए को-ऑर्डिनेशन कमिटी के गठन की मांग

WhatsApp Channel Join Now
चेंबर ने की जाम की समस्या दूर करने के लिए को-ऑर्डिनेशन कमिटी के गठन की मांग


रांची, 28 अप्रैल (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने राजधानी रांची में जाम की समस्या दूर करने के लिए को-ऑर्डिनेशन कमिटी के गठन करने की मांग ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह से की है। चेंबर भवन में मंगलवार को शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार सहित अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

मौके पर बताया गया कि स्कूली बसों का संचालन 15 मिनट के अंतराल पर किया जाए, जिससे ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित किया जा सके।

इसके अलावा, एक को-ऑर्डिनेशन कमिटी के गठन का भी प्रस्ताव रखा गया जिसमें रांची नगर निगम, ट्रैफिक विभाग, पीडब्ल्यूडी और झारखंड चेंबर सहित अन्य संबंधित संस्थाएं शामिल हों। इस समिति की नियमित बैठकों से यातायात व्यवस्था में सकारात्मक सुधार संभव होगा। साथ ही शहर की ट्रैफिक लाइट्स का व्यापक ऑडिट कराने का भी सुझाव दिया गया।

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने चेंबर की ओर से किए गए इस सामाजिक पहल की सराहना की और बैठक में दिए गए सभी सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर ट्रैफिक जवानों के बीच ओआरएस का वितरण किया गया। वहीं मौके पर चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि भीषण गर्मी में ट्रैफिक जवान कठिन परिस्थितियों में अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं, ऐसे में उनका स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। ओआरएस वितरण इसी दिशा में एक छोटा प्रयास है। साथ ही, रांची शहर में यातायात की समस्या को दूर करने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि हमें विश्वास है कि संयुक्त प्रयासों से शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा।

मौके पर चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story