चेंबर ने ट्रैफिक एसपी से की नो-एंट्री में तीन पहिया वाहनों को प्रवेश देने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
चेंबर ने ट्रैफिक एसपी से की नो-एंट्री में तीन पहिया वाहनों को प्रवेश देने की मांग


रांची, 18 सितंबर (हि.स.)। राजधानी के जशहरी क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने ट्रैफिक एसपी से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करनेवाले तीन पहिया मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री अवधि में परिचालन करने की अनुमति देने का आग्रह किया।

मौके पर चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि वर्तमान में रांची शहरी क्षेत्र में सुबह 09 बजे से 11 बजे और शाम में 05 से शाम 07 बजे तक नो-एंट्री व्यवस्था प्रभावी है। इसके कारण आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करनेवाले छोटे मालवाहक वाहनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व में ऐसे वाहनों को नो-एंट्री अवधि में परिचालन की अनुमति दी जाती रही है, जिसकी अवधि समाप्त होने के बाद उसका विस्तार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व में शहर में फ्लाईओवर निर्माण के कारण यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह अनुमति नहीं दी गई थी।

कहा गया कि वर्तमान में तीनों फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और यातायात व्यवस्था भी सामान्य है। ऐसे में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति से जुड़े तीन पहिया मालवाहक वाहनों को पूर्व की तरह नो-एंट्री में प्रवेश की अनुमति देने पर विचार करना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सुझाव दिया कि यदि सुबह में नो-एंट्री अवधि में अनुमति देना संभव नहीं हो, तो कम से कम शाम में 05 से शाम 07 बजे की अवधि में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करनेवाले तीन पहिया मालवाहक वाहनों को छूट दी जाए। वहीं ट्रैफिक एसपी ने सुझावों की समीक्षा कर, उचित निर्णय के लिए आश्वस्त किया।

मौके पर चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, पूजा ढाढा, कार्यकारिणी सदस्य विनीता सिंघानिया, अमित अग्रवाल, जेटा के अध्यक्ष संजय जौहर, सचिव दीपक मुरारका, सह सचिव मधुकर सिंघानिया, प्लाइवुड एंड गिलास एसोसिएशन के सचिव हेमंत पटेल, रासमा से अरविंद जालान और झारखंड प्रगतिशील मजदूर यूनियन के विक्रम सिंह सहित अन्य शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story