मतदाता पंजीकरण और मतदाता पंजी संबंधित विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन दो सितंबर से

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता पंजीकरण और मतदाता पंजी संबंधित विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन दो सितंबर से


रांची, 09 अप्रैल (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा है कि आगामी 02 से 03 सितंबर 2026 तक रांची में मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता पंजी सम्बंधित विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में अन्य देशों के प्रबुद्ध और निर्वाचन प्रबंधन इकाइयों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। इसे लेकर उन्होंने सभी स्तर पर तैयारियों की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी गुरुवार को निर्वाचन सदन से अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की सह संयोजक और नॉलेज पार्टनर संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि शोधार्थियों और विशेषज्ञों के लिए शोध-पत्रों के आमंत्रण के लिए एक निश्चित समय-सीमा तय की गई है। इसके अंतर्गत एब्सट्रैक्ट सबमिशन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है, जबकि जमा किए गए एब्सट्रैक्ट की स्वीकृति की सूचना 17 मई 2026 तक दी जाएगी। इसके बाद प्रतिभागियों को 24 जुलाई 2026 तक अपना पूर्ण शोध-पत्र जमा करना होगा, ताकि उन्हें 2-3 सितंबर को होने वाले मुख्य सम्मेलन में सम्मिलित किया जा सके। इस पूरे कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी, पंजीकरण प्रक्रिया और विषयों की सूची के लिए विभाग की ओर से आधिकारिक वेबसाइट जारी की गई है। उन्होंने अधिक से अधिक शोधार्थियों और प्रबुद्ध जनों से शोधपत्र प्राप्त हों इसके लिए इसका प्रचार करने को कहा।

बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, संत जेवियर्स कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ बीके सिन्हा और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ आशुतोष कुमार पाण्डेय सेंट्रल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर आलोक गुप्ता एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ अपर्णा उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story