झारखंड भाजपा का दावा- पार्टी राज्य सभा चुनाव लड़ेगी और सीट भी जीतेगी

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड भाजपा का दावा- पार्टी राज्य सभा चुनाव लड़ेगी और सीट भी जीतेगी


रांची, 05 जून (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। बैठक में दावा किया गया कि पार्टी राज्यसभा चुनाव लड़ेगी औऱ सीट भी जीतेगी। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और राज्यसभा चुनाव के निमित्त प्रभारी, बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह मुख्य रूप से मौजूद थे।

विधायक दल की बैठक के बाद मुख्य सचेतक सह हटिया विधायक नवीन जयसवाल ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि पार्टी ने राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है, प्रत्याशी केंद्रीय नेतृत्व को तय करना है। शनिवार सुबह तक प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा हो जाएगी।

जयसवाल ने आगे कहा कि जब कोई उम्मीदवार चुनाव लड़ता है तो उसके पास वोट मांगने के लिए पक्ष और विपक्ष दोनों के विधायक होते हैं। भाजपा उम्मीदवार के पास 81 विधायक हैं। पक्ष हो, विपक्ष हो उम्मीदवार को सभी से वोट मांगने का लोकतांत्रिक अधिकार प्राप्त है। भाजपा के प्रत्याशी की घोषणा होते ही एनडीए के सभी विधायक राज्यसभा प्रत्याशी के नॉमिनेशन में एक साथ शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी को पूर्ण विश्वास है कि एक सीट पर भाजपा प्रत्याशी निश्चित तौर पर विजय हासिल करेगी। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। पार्टी के दो दिनों तक कई कार्यक्रम तय हैं। इसको लेकर भी वरीय नेताओं द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

इस बैठक में विधायक सीपी सिंह, नवीन जयसवाल, नागेंद्र महतो, शशि भूषण मेहता, मनोज यादव, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, राज सिन्हा, अमित यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, प्रकाश राम, रोशन लाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, शत्रुघ्न महतो, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह, मंजू कुमारी, कुमार उज्जवल भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story