छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का झारखंड बंद का रहा मिलाजुला असर

WhatsApp Channel Join Now
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का झारखंड बंद का रहा मिलाजुला असर


छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का झारखंड बंद का रहा मिलाजुला असर


रांची, 11 अगस्त (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आहूत बंद का मंगलवार को राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में मिलाजुला असर रहा। बंद के दौरान प्रतिष्ठानों के मालिकों ने खुद ही अपनी दुकान बंद रखी। इस दौरान भाजपा कार्यकताओं ने सड़कों पर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

बंद का असर सुबह से ही देखने को मिला। बंद के समर्थन में भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं नेसड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। राजधानी रांची में कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर और लकड़ी जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रातू रोड, किशोरगंज चौक और हरमू चौक पर भाजपा कार्यकताओं ने टायर और लकड़ी जलाकर सड़क की एक लेन को बंद कर दिया। इससे इन इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ।

इधर, हरमू चौक पर कुछ कार्यकर्ता जेसीबी पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस्तीफे की मांग की। वहीं किशोरगंज चौक पर भी कार्यकताओं ने टायर और लकड़ी जलाकर विरोध जताया। बंद के कारण राजधानी में आम दिनों की तुलना में सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम नजर आई। कई प्रमुख मार्गों पर सुबह से ही प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित रहा। वहीं जमशेदपुर में कदमा, सोनारी, जुगसलाई, बिष्टुपुर, साकची, परसूडीह और सुंदरनगर सहित कई इलाकों में भी भाजपा कार्यकताओं ने बाजारों का दौरा कर दुकानदारों से बंद में सहयोग करने की अपील की। गोलमुरी बाजार में बंद का अपेक्षाकृत अधिक असर देखने को मिला। झारखंड बंद का मंगलवार को पलामू में भी असर देखने को मिला। बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकताओं ने जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के छहमुहान, रेडमा, बैरिया चौक सहित कई प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों को जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई वाहन जाम में फंसे रहे।

इधर, झारखंड बंद को देखते हुए राजधानी रांची में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं बंद को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता नरेंद्र सिंह ने बताया कि बंद के दौरान कहीं से भी कोई अप्रीय घटना की सूचना नहीं मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story