डीएवी पब्लिक स्कूल में नन्हे विद्यार्थियों की कला ने बिखेरे रंग, सजी उत्सवी प्रदर्शनी

WhatsApp Channel Join Now
डीएवी पब्लिक स्कूल में नन्हे विद्यार्थियों की कला ने बिखेरे रंग, सजी उत्सवी प्रदर्शनी


डीएवी पब्लिक स्कूल में नन्हे विद्यार्थियों की कला ने बिखेरे रंग, सजी उत्सवी प्रदर्शनी


रामगढ़, 07 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ के डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल एनटीएस बरकाकाना में कला, रचनात्मकता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ भव्य उत्सवी कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की आकर्षक कलाकृतियों ने प्रदर्शनी में चार चांद लगा दिए।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की ओर से आकर्षक ढंग से सजाए गए मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित पर्यावरण अनुकूल तोरण और रंग-बिरंगी उत्सवी सजावट की वस्तुएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों ने अपनी रचनात्मक सोच और कलात्मक कौशल से साधारण सामग्रियों को खूबसूरत कलाकृतियों में तब्दील कर दिया। उनकी बनाई प्रत्येक कलाकृति में भारतीय परंपरा, उत्साह और नवाचार की झलक देखने को मिली।

प्रदर्शनी की विशेषता यह रही कि बच्चों ने पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों का उपयोग कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को त्योहारों के दौरान पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने और टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलराम कुमार झा ने बच्चों की रचनात्मकता, मेहनत और उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की कल्पनाशक्ति को विकसित करने के साथ उनमें आत्मविश्वास और कलात्मक कौशल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने और प्रकृति के संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774104 Articles

Share this story