पुजारी पर हमला, मारपीट में हुए लहूलुहान
बोकारो, 18 अक्टूबर (हि.स.)। बीएस सिटी थाना क्षेत्र में चास-गरगा पुल के समीप स्थित शनि मंदिर के पुजारी नागा बाबा रघुबीर पुरी महाराज पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चास से आए पांच से छह युवकों ने पुजारी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें पुजारी लहूलुहान हो गए। हमलावरों ने पुजारी की कार के शीशे भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिए।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना से पहले उषा पेट्रोल पंप पर गाड़ी में तेल भरवाने के दौरान बाबा और एक युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद युवक ने चास से अन्य युवकों को बुला लिया और मंदिर के समीप पुजारी के साथ मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों को भी निशाना बनाया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित युवक चास की ओर भागने लगे। इसी दौरान बीएस सिटी थाना की पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया और उसे थाने ले गई। अन्य आरोपितों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। मारपीट के पीछे की वजह, घटना में शामिल अन्य युवकों की पहचान और उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

