झारखंड में बढ़ी गर्मी और उमस, तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री चढ़ा तापमान

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में बढ़ी गर्मी और उमस, तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री चढ़ा तापमान


झारखंड में बढ़ी गर्मी और उमस, तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री चढ़ा तापमान


रांची, 15 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले दो-तीन दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही उमस भी बढ़ी है। मौसम विभाग ने 16 अक्टूबर से राज्य के विभिन्न हिस्सों में सुबह के समय कुहासा छाने और बाद में आंशिक बादल रहने की संभावना जताई है।

राजधानी रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो बढ़कर गुरुवार को 31.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पिछले तीन दिनों के दौरान जमशेदपुर, डाल्टनगंज और बोकारो सहित राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जमशेदपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस था, जो गुरुवार को बढ़कर 33.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, डाल्टनगंज और बोकारो में अधिकतम तापमान 31 डिग्री से बढ़कर करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गुरुवार को जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 23.3 डिग्री, बोकारो में 22.6 डिग्री और चाईबासा में 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

पिछले 24 घंटों के दौरान कोडरमा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार में राज्य का सबसे कम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे, जबकि दोपहर बाद धूप खिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 16 अक्टूबर से सुबह के समय कुहासा और दिन में आंशिक बादल रहने की संभावना है।

गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 33 और न्यूनतम 23.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।---------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761188 Articles

Share this story