झारखंड में तापमान तीन से चार डिग्री चढ़ा, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में तापमान तीन से चार डिग्री चढ़ा, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की आशंका


रांची, 01 नवंबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार को राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। रांची में अधिकतम तापमान शनिवार के 25.4 डिग्री से बढ़कर रविवार को 28.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसी तरह जमशेदपुर में तापमान 28.4 डिग्री से बढ़कर 31.2 डिग्री और डाल्टनगंज में 24.6 डिग्री से बढ़कर 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह चेन्नई (तमिलनाडु) से लगभग 630 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व में स्थित है। इसके रविवार देर शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है।

विभाग के मुताबिक, इसके दो नवंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसके तीन नवंबर की सुबह तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश तट से टकराने का अनुमान है। इस दौरान हवा की गति 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 31.6 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह हल्का कुहासा छाया रहा। बाद में मौसम साफ हो गया, जबकि दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल छाए रहे।

रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और न्यूनतम 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम 23.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 28.6 और न्यूनतम 20.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.1 और न्यूनतम 22.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 29.4 और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770550 Articles

Share this story