श्रावणी मेला में वर्चुअल रियलिटी शिविर बना श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला में वर्चुअल रियलिटी शिविर बना श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र


देवघर, 12 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी मेला में बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ उनके आध्यात्मिक अनुभव को समृद्ध करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार अभिनव प्रयोग किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आधुनिक तकनीक और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मेला क्षेत्र में लगाए गए विशेष वर्चुअल रियलिटी (वीआर) शिविर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

इन वीआर शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को 3-डी एनीमेशन और अत्याधुनिक ग्राफिक्स तकनीक के जरिए बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग की स्थापना से जुड़ी पौराणिक कथा और देवघर के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक सफर की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी इस तकनीकी माध्यम से श्रद्धालुओं तक पहुंचाई जा रही है।

मेला क्षेत्र में 10 केंद्रों पर संचालित वीआर शिविरों में श्रद्धालु वीआर गियर पहनते ही एक अलग ही आभासी दुनिया का अनुभव करते हैं। 3-डी तकनीक के माध्यम से इतिहास और धार्मिक प्रसंग इस तरह प्रस्तुत किए जाते हैं कि घटनाएं श्रद्धालुओं के सामने सजीव घटित होती प्रतीत होती हैं।

श्रद्धालुओं के लिए यह अनुभव केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि देवघर की धार्मिक विरासत, संस्कृति और इतिहास को करीब से समझने का एक आधुनिक माध्यम भी बन रहा है। आभासी माध्यम होने के बावजूद इसकी प्रस्तुति श्रद्धालुओं को वास्तविक और अलौकिक अनुभूति करा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story