स्वामीजी का जीवन देता है आत्मविश्वास और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा : प्राचार्य
रांची, 12 जनवरी (हि.स.)। राजधानी रांची के धुर्वा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति और प्रेरणादायक वातावरण से ओत-प्रोत नजर आया। विद्यालय के प्राचार्य ललन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि स्वामीजी का जीवन आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है। युवाओं को उनके आदर्शों को आत्मसात कर लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।
विद्यालय के आचार्य ऋषभ कुमार ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, दर्शन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मबल, चरित्र निर्माण और सेवा भावना का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
इस अवसर पर छात्रों द्वारा प्रेरणादायक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिससे वातावरण और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य राजा शांतनु कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

