सीसीएल मुख्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ, स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
सीसीएल मुख्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ, स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान


रांची, 16 जून (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में मंगलवार को स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

उद्घाटन अवसर पर सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए इसे जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही संभव है।

सीएमडी ने कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल, आवासीय परिसर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता और व्यवहार में बदलाव से ही स्वच्छ भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

सीसीएल प्रबंधन ने इस अवसर पर बताया कि स्वच्छ भारत मिशन की भावना के अनुरूप स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के दौरान मुख्यालय और कंपनी के सभी कोयला क्षेत्रों में विभिन्न जन-जागरूकता एवं स्वच्छता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय समुदायों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसे जन-जीवन का स्थायी हिस्सा बनाना है।

पखवाड़ा के दौरान स्वच्छता जागरूकता अभियान, सफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, पौधारोपण, अस्पतालों और कार्यालय परिसरों की विशेष सफाई, विद्यालयों एवं समुदायों में जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा स्वच्छता कर्मियों के सम्मान जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का समापन स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि स्वच्छता पखवाड़ा के माध्यम से न केवल कर्मचारियों बल्कि आम लोगों में भी स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।

कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story