स्वच्छता जागरूकता के लिए स्वच्छांदोलन रैली आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छता जागरूकता के लिए स्वच्छांदोलन रैली आयोजित


रांची 13 अप्रैल (हि.स.)। रांची नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को स्वच्छांदोलन रैली का आयोजन किया गया। यह रैली कचहरी चौक से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम तक निकाली गई।

इस रैली का नेतृत्व महापौर रौशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार और नगर आयुक्त सुशांत गौरव की ओर से किया गया। इसके साथ ही स्वच्छ रांची की ब्रांड एम्बेसडर, मिस यूनिवर्स झारखंड 2025, रिया तिर्की भी इस रैली में उपस्थित रहीं। रैली शुरू होने से पूर्व महापौर की ओर से उपस्थित सभी आम लाेग, कर्मियों और प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। रैली के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता का स्पष्ट संदेश दिया गया और कचरे के स्त्रोत स्तर पर पृथक्करण (गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग करने) के प्रति जागरूक किया गया।

इस अभियान में समाज के हर वर्ग के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की गई, जिससे सामूहिक प्रयास के माध्यम से स्वच्छ रांची के लक्ष्य को प्राप्त करने का संकल्प मजबूत हुआ। नगर निगम का उद्देश्य है कि सामूहिक प्रयास और जनसहभागिता के बल पर रांची को स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट रैंकिंग प्राप्त हो सके।

निगम की ओर से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ रांची का सपना केवल जनभागीदारी से ही साकार हो सकता है, और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाए।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू, सहायक नगर आयुक्त, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story