रांची : रिम्स के पीजी डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच जारी

WhatsApp Channel Join Now
रांची : रिम्स के पीजी डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच जारी


रांची, 30 मई (हि.स.)। झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के एक पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) डॉक्टर की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान रिम्स के सर्जरी विभाग के 32 वर्षीय पीजी छात्र डॉ. सानू सनल बरवार के रूप में हुई है। उनका शव शहर के कटहल मोड़ स्थित एक मकान से बरामद किया गया।

डॉ. सानू की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए रिम्स में पोस्टमार्टम कराया गया है। वे रांची के नगड़ी के निवासी थे और सर्जरी विभाग में पीजी के छात्र थे।

मृतक के मित्रों के अनुसार, शनिवार सुबह सूचना मिली कि डॉ. सानू सोकर नहीं उठे। इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रिम्स के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि डॉ. सानू सनल बरवार सर्जरी पीजी 2014 बैच के छात्र थे। वे बेड़ो सीएचसी में चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थे और उच्च शिक्षा के लिए अवकाश पर थे। वे अपने आवास पर मृत पाए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें पहले रिंची अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद रिम्स लाया गया।

रांची के सदर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संजीव बेसरा ने बताया कि डॉक्टर अपने घर में मृत पाए गए थे। शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों की देखरेख में कराया गया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।--------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story