सीईओ बंगले में चोरी की नीयत से घुसा संदिग्ध, दीवार से कूदने पर टूटी एड़ी की हड्डी
रामगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। छावनी परिषद रामगढ़ के मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) के बंगले में चोरी की नीयत से घुसे एक संदिग्ध युवक को सफाईकर्मी की सतर्कता से पकड़ लिया गया। बुधवार की सुबह बंगले की करीब 15 फीट ऊंची दीवार से कूदकर भागने के प्रयास में युवक की एड़ी की हड्डी टूट गई। घायल होने के कारण वह भाग नहीं सका और दीवार के पीछे छिप गया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस उसे अपने साथ ले गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार छावनी परिषद में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत सफाईकर्मी प्रीतम राम रोज की तरह सुबह छह बजे अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। सीईओ बंगले के पीछे सफाई करने के दौरान उनकी नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जो परिसर में छिपा हुआ था। युवक की मौजूदगी को संदिग्ध मानते हुए उन्होंने उसे पकड़ने का प्रयास किया।
सफाईकर्मी को देखते ही युवक ने बंगले की लगभग 15 फीट ऊंची दीवार से छलांग लगा दी। इस दौरान उसके पैर की एड़ी की हड्डी टूट गई। चोट लगने के कारण वह भागने में असमर्थ हो गया और बंगले की दीवार के पीछे छिप गया। इसके बाद प्रीतम राम ने तत्काल कार्यालय के कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना शंकर महतो और श्रीनिवास राव ने रामगढ़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एएसआई सहित दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गए। उसके पास मिले मतदाता पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान चेटलाल बेदिया के रूप में हुई है।
सफाईकर्मी प्रीतम राम ने रामगढ़ थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक रामगढ़ और छावनी परिषद के सीईओ को भी सौंपी गई है। आवेदन में बताया गया है कि घटना के समय सीईओ कार्यालय के कार्य से कोलकाता गए हुए थे। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

