बाजार समिति में खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण, चार खाद्य पदार्थों के नमूने भेजे गए जांच के लिए

WhatsApp Channel Join Now
बाजार समिति में खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण, चार खाद्य पदार्थों के नमूने भेजे गए जांच के लिए


बाजार समिति में खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण, चार खाद्य पदार्थों के नमूने भेजे गए जांच के लिए


रामगढ़, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बाजार समिति एवं आसपास के क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चलाया। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।

निरीक्षण के क्रम में बाजार समिति स्थित गायत्री भंडार, शुभम ट्रेडिंग और मंगी ट्रेडर्स के आसपास के क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इस दौरान गायत्री भंडार से सूजी, शुभम ट्रेडिंग से एमडीएच गरम मसाला और मंगी ट्रेडर्स से मयूर हल्दी पाउडर और मयूर मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य जांच प्रयोगशाला, रांची भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी।

अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों के आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, दुकानों और भंडारण स्थलों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सामग्री का सुरक्षित तरीके से भंडारण करने का निर्देश दिया। साथ ही एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने और प्रतिबंधित खाद्य सामग्री का विक्रय किसी भी परिस्थिति में नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस प्रकार के औचक जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह, डेरिक तिग्गा एवं लुकेश रवानी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767887 Articles

Share this story