एचईसी कर्मियों को 15 अगस्त से पहले प्रबंधन करें वेतन भुगतान : शनि सिंह

WhatsApp Channel Join Now
एचईसी कर्मियों को 15 अगस्त से पहले प्रबंधन करें वेतन भुगतान : शनि सिंह


रांची, 10 अगस्त (हि.स.)। एचईसी श्रमिक संघ के अध्यक्ष शनि सिंह ने एचईसी प्रबंधन से कर्मचारियों को आगामी 15 अगस्त से पहले वेतन भुगतान करने की मांग की है। सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कर्मचारियों को 45 दिनों के अंतराल पर वेतन भुगतान किए जाने की व्यवस्था का विरोध करते हुए कहा कि कर्मचारियों को प्रत्येक माह नियमित रूप से वेतन मिलना चाहिए।

शनि सिंह ने कहा कि एचईसी प्रबंधन को कर्मचारियों पर नए-नए नियम थोपने के बजाय उनकी समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से ही विभिन्न नियम लागू कर कर्मचारियों को मिलने वाली कई सुविधाओं में कटौती की जा चुकी है। ऐसे में वेतन भुगतान के लिए भी नई व्यवस्था लागू करना कर्मचारियों के हित में नहीं है।

उन्होंने कहा कि एचईसी के कर्मचारी पूरी मेहनत और लगन से संस्थान की उत्पादन क्षमता बढ़ाने में जुटे हैं। ऐसे में समय पर वेतन भुगतान कर प्रबंधन को कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में कर्मचारियों को वेतन के अलावा कई महत्वपूर्ण सुविधाओं का भी लाभ नहीं मिल रहा है।

शनि सिंह के अनुसार, कर्मचारियों को मिलने वाली सीपीएफ लोन, बीपीएफ, इनकैशमेंट और एलआईसी जैसी सुविधाएं पहले ही बंद या प्रभावित की जा चुकी हैं। ऐसे में नियमित वेतन भुगतान कर्मचारियों के लिए और भी महत्वपूर्ण हो गया है।

उन्होंने प्रबंधन से मांग की कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए 15 अगस्त से पहले वेतन का भुगतान किया जाए और 45 दिनों के अंतराल वाली व्यवस्था को समाप्त कर हर माह नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story