मारवाडी मंच ने निशा कुमारी को गिटार देकर किया सम्मानित
रांची, 04 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, रांची शाखा की ओर से शिवनारायण मारवाड़ी कन्या मध्य पाठशाला में आयोजित समर कैंप के तीसरे दिन गुरूवार को संगीत साधना को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर प्रतिभाशाली छात्रा और युवा संगीत प्रशिक्षक निशा कुमारी को उनके उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
मारवाड़ी महिला मंच की ओर से बबीता नारसरिया ने निशा कुमारी को गिटार और कैसियो भेंट किया, ताकि वह अपनी संगीत साधना को और आगे बढ़ा सकें। मीडिया प्रभारी रीना सुरेखा ने बताया कि निशा कुमारी ने इसी विद्यालय के समर कैंप से अपनी प्रतिभा को निखारने की शुरुआत की थी।
उन्होंने 10 वीं में 96 प्रतिशत एवं इंटरमीडिएट (आईएससी) में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। वह मिनीमैक टैलेंट अकादमी से ट्रॉफी और नकद पुरस्कार भी प्राप्त कर चुकी हैं और वर्तमान में बच्चों को संगीत का प्रशिक्षण दे रही हैं। निशा कुमारी ने कला उत्सव राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला चैंपियन का खिताब हासिल किया है।
वहीं 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड के कर्तव्य पथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में झांकी प्रस्तुति का हिस्सा भी रहीं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय बाल विकास प्रमुख रूपा अग्रवाल, शाखा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष मधु सर्राफ, गीता डालमिया, रेखा जैन, सुनीता सरावगी, अर्चना अग्रवाल, पुष्पा अग्रवाल, मंजू तुलस्यान, निर्मला जैन और उषा विजयवर्गीय सहित अन्य सदस्य मौजूद थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

