अभाविप के अभ्यास वर्ग में सुदीप दुबारा बने जिला संयोजक
रामगढ़, 16 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का चार दिवसीय अभ्यास वर्ग 12 से 15 जून तक कोडरमा में सफलतापूर्वक संपन्न
हुआ। अभ्यास वर्ग में संगठन की आगामी कार्ययोजना, वैचारिक विषयों और संगठन विस्तार को लेकर मंथन किया गया। 15 जून को अभ्यास वर्ग के समापन सत्र में झारखंड के सभी 24 जिलों के जिला संयोजकों के नामों की घोषणा की गई, जिसमें सुदीप महतो को पुनः रामगढ़ जिला संयोजक का दायित्व सौंपा गया। इस दौरान क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, प्रदेश संगठन मंत्री पशुपतिनाथ उपमन्यु, विभाग संगठन मंत्री विक्रम राठौर, पूर्व जिला संयोजक शुभम गिरी, प्रदेश जनजातीय छात्र कार्य सह प्रमुख पिंटू मुंडा और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बाबूलाल मेहता ने सुदीप महतो को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
नवनियुक्त जिला संयोजक सुदीप महतो ने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने मुझ पर पुनः जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए मैं संगठन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। रामगढ़ जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है। हम सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से संगठन को प्रत्येक महाविद्यालय तक सशक्त करेंगे और छात्रहित, राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

