लाठीचार्ज में घायल छात्र नेता को देखने रिम्स पहुंचे सुदेश
रांची, 17 मार्च (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मंगलवार को झारखंड विधानसभा के समक्ष लाठीचार्ज में घायल छात्र आजसू के कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो को देखने रिम्स, रांची पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना।
मौके पर सुदेश ने घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इस घटना के दोषी पदाधिकारियों को दंडित किया जाना चाहिए। साथ ही जेटेट परीक्षा अविलंब आयोजित की जानी चाहिए।
वहीं बबलू महतो ने बताया कि जेटेट परीक्षा अविलंब आयोजित करने की मांग को लेकर छात्र झारखंड विधानसभा के समक्ष शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे और मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के लिए पुलिस प्रशासन से अनुरोध कर रहे थे। इसी क्रम में बिना किसी चेतावनी के पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और बबलू महतो को टारगेट कर पिटाई की गई, जिससे उनका सिर फट गया और वह सड़क पर गिर पड़े। लाठीचार्ज के बाद छात्रों में अफरा तफरी मच गई। बाद में बबलू महतो को रिम्स में भर्ती कराया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

