अंबेडकर जयंती पर आजसू का राज्यभर में कार्यक्रम, सुदेश महतो विभिन्न आयोजनों में होंगे शामिल
रांची, 13 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी द्वारा अंबेडकर जयंती के अवसर पर मंगलवार को राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
पार्टी की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो इस अवसर पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम के तहत सुदेश महतो रांची के पिठौरिया चौक पर बाबा साहेब को श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। इसके अलावा वे सिल्ली, सोनाहातु और खिजरी में आयोजित अंबेडकर जयंती कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।
वहीं, पार्टी की रांची महानगर इकाई की ओर से हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय में भी विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी।
इस कार्यक्रम में डॉ. देवशरण भगत, प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।
आजसू पार्टी द्वारा आयोजित ये कार्यक्रम सामाजिक समरसता और संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

