सब स्टेशन में हुई डकैती कांड का खुलासा, सात गिरफ्तार
रांची, 26 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित ग्रिड सब स्टेशन में हुई डकैती कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए कांड में शामिल सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
बिजली ग्रिड सब डिवीजन में गिरफ्तार आरोपितों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर लाखों रुपये के कॉपर लेकर फरार हो गये थे। गिरफ्तार आरोपितों में रंजीत मोदी, शशि सिंह, जिदु कुमार सिंह, मोहम्मद अरमान, शुभम कुमार, रिंकु अंसारी और शाहिद अंसारी शामिल है। इनके निशानदेही पर लूटे गये समान में से अधिकांश सामान बरामद किया जा चुका है। जिनमें लगभग 100 केजी तांबा तार, लूटी गई रकम, टॉर्च एवं अन्य सामाग्री बरामद की गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त दो ऑटो वाहन एवं दो मोटरसाइकिल वाहन, 7 मोबाइल फोन, कॉपर तार काटने के लिए प्रयुक्त औजार सहित अन्य सामान बरामद किये गये हैं।
रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने गुरुवार को बताया कि 23 मार्च की रात रांची के पिठौरिया थानान्तर्गत कोल्हया कनाद स्थित 132/33 ग्रीड सब-स्टेशन में डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। उन्होंने बताया कि अनुसंधान के क्रम में आसूचना एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर साक्ष्यानुसार कुल सात अप्राथमिकी आरोपितों को गिरफ्तार कर गहनता पूर्वक अनुसंधान एवं पूछताछ की कार्रवाई की गई।
आरोपितों ने पुलिस ने बताया कि घटना में पावर ग्रिड स्थित घटनास्थल पर कुल 12 बदमाशों सहयोगियों की ओर से घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। अनुसंधान के क्रम में अब तक घटनास्थल पर उपस्थित से लेकर लूट माल को खपाने, उसका परिवहन करने में कुल 15 अपराध कर्मियों की संलिप्तता पाई गई है। सभी अपराधियों ने घटना को अंजाम देने से पहले रेकी करने की बात स्वीकार की है।
एसपी ने बताया कि लूटे गये कॉपर तार को अपराधियों ने रंजीत मोदी एवं अन्य कबाड़ी दुकान को बेची थी, जिससे प्राप्त रकम का बंटवारा आपस में किया गया था। गिरफ्तार आरोपितों में से जिदु सिंह एवं शाहिद अंसारी का आपराधिक इतिहास है तथा शेष गिरफ्तार एवं फरार अपराधियों के आपराधिक इतिहास के संबंध में छानबीन की जा रही है। इसके साथ ही घटना में संलिप्त एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

