विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

WhatsApp Channel Join Now
विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा


रामगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। श्री कृष्णा विद्या मंदिर, विकास नगर के परिसर में शनिवार को आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी ‘उड़ान… सपनों की’ में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की प्रतिभा देखने को मिली। विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, कला और आधुनिक तकनीक पर आधारित मॉडल और परियोजनाओं ने प्रदर्शनी को आकर्षक स्वरूप दिया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन विद्यालय के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, सचिव बिमल किशोर जाजू, प्रबंधन समिति के वरिष्ठ सदस्य महावीर प्रसाद अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मंजीत साहनी, इंद्रपाल सिंह सैनी और इनरव्हील क्लब की पदाधिकारी और सदस्य भी शामिल हुए।

प्रदर्शनी में छोटे बच्चों के सरल मॉडलों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों के जटिल वैज्ञानिक प्रयोग तक विभिन्न विषयों की परियोजनाएं प्रदर्शित की गईं। बोलने वाले रोबोट, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा, ऊर्जा बचत, नवीकरणीय ऊर्जा, स्मार्ट तकनीक, प्रोग्रामिंग और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे।

प्रदर्शनी में कोल इंडिया की कार्यप्रणाली पर आधारित विशाल मॉडल विशेष आकर्षण रहा। विद्यार्थियों ने कोयला खदानों की गतिविधियों, खनन प्रक्रिया, श्रमिकों की भूमिका, विशाल ट्रकों से कोयले के परिवहन और खदान से गंतव्य तक पहुंचने की व्यवस्था को बारीकी से दर्शाया।

विभिन्न विद्यालयों से आए निर्णायकों और विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की परियोजनाओं का मौलिकता, वैज्ञानिक अवधारणा, उपयोगिता, नवाचार, कार्यप्रणाली और प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों की सोच, कल्पनाशक्ति, परिश्रम और भविष्य के प्रति दृष्टिकोण का प्रतिबिंब है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785032 Articles

Share this story