एसबीयू के क्रिएटिविटी कार्निवल में विद्यार्थियों ने प्रदर्शित किए 500 से अधिक प्रोजेक्ट

WhatsApp Channel Join Now
एसबीयू के क्रिएटिविटी कार्निवल में विद्यार्थियों ने प्रदर्शित किए 500 से अधिक प्रोजेक्ट


एसबीयू के क्रिएटिविटी कार्निवल में विद्यार्थियों ने प्रदर्शित किए 500 से अधिक प्रोजेक्ट


-तकनीकी नवाचार, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक प्रतिभा का दिखा संगम

रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) में रविवार को आयोजित क्रिएटिविटी कार्निवल-2026 में विद्यार्थियों ने 500 से अधिक प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। विभिन्न विषयों पर आधारित परियोजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने नवाचार और तकनीक के व्यावहारिक उपयोग की संभावनाएं प्रस्तुत कीं।

कार्निवल में रास्पबेरी पाई आधारित रोबोट, वाई-फाई नियंत्रित कार, आवाज के निर्देश पर संचालित मशीनें, स्मार्ट बिजली मीटर, सेंसर आधारित स्ट्रीट लाइट तथा हाइड्रोलिक और न्यूमैटिक क्लच के मॉडल विशेष आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने गणित के व्यावहारिक उपयोग के साथ रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए तकनीकी मॉडल भी प्रस्तुत किए।

आयोजन में कंप्यूटर साइंस, इंजीनियरिंग, फार्मेसी, गणित, विधि, प्रबंधन, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, ललित कला और योग सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विभागवार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए किया गया।

विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रोफेसर गोपाल पाठक और कुलपति प्रोफेसर सी. जगनाथन ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें अपने प्रोजेक्ट्स को झारखंड के विकास, सामाजिक जरूरतों और जनसमस्याओं के समाधान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान तथा राज्यसभा सांसद सह निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने भी आयोजन की सराहना की। कार्निवल में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और अन्य लोग उपस्थित थे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785351 Articles

Share this story