पीएम श्री आजाद हाई स्कूल में मॉडल युवा ग्राम सभा का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
पीएम श्री आजाद हाई स्कूल में मॉडल युवा ग्राम सभा का आयोजन


-24 विद्यार्थियों ने अलग-अलग भूमिकाएं निभाकर समझी ग्राम सभा की कार्यप्रणाली

रांची, 04 अक्टूबर (हि.स.)। करबला चौक स्थित पीएम श्री आजाद हाई स्कूल में मॉडल युवा ग्राम सभा (एमवाईजीएस) सिमुलेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के 24 विद्यार्थियों ने विभिन्न भूमिकाएं निभाकर ग्राम सभा की कार्यप्रणाली को व्यावहारिक रूप से समझा।

विद्यालय की ओर से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में प्रधानाध्यापक मोहम्मद कुर्बान अली ने बताया कि विद्यार्थियों ने सरपंच, वार्ड सदस्य, रोजगार सहायक और डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित ग्राम पंचायत से जुड़े विभिन्न दायित्व निभाए। ग्राम सभा की कार्यवाही के दौरान स्थानीय समस्याओं, विकास योजनाओं और सामुदायिक मुद्दों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी बात रखने, दूसरों के विचार सुनने, निर्णय लेने और सामूहिक रूप से समस्याओं का समाधान तलाशने का व्यावहारिक अनुभव मिला। इससे उनमें नेतृत्व क्षमता, संवाद और सामूहिक निर्णय लेने की समझ विकसित करने का प्रयास किया गया।

मौके पर प्रधानाध्यापक मोहम्मद कुर्बान अली, ब्लॉक ऑफिसर आभा कुमारी, पीरामल फाउंडेशन के मोहम्मद मोहसिन हाश्मी, सौम्या, नोडल शिक्षिका नुजहत परवीन सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद थे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story