जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं पर सीबीआई जांच की मांग, छात्र 25 से सत्याग्रह पर

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं पर सीबीआई जांच की मांग, छात्र 25 से सत्याग्रह पर


रांची, 24 जुलाई (हि.स.)। जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच और विवादित परीक्षाओं को रद्द करने की मांग को लेकर छात्र संगठनों ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है।

आंदोलन को जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती महाअभियान का नाम दिया गया है। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में शनिवार से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह धरना शुरू किया जाएगा। इसकी सूचना जिला प्रशासन को भी दे दी गई है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में छात्र प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14 वीं सिविल सेवा परीक्षा की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के बाद अब जेएसएससी सीजीएल और अन्य परीक्षाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

छात्र नेता दीनबंधु मंडल ने कहा कि जांच एजेंसियों के पास कई महत्वपूर्ण तथ्य होने के बावजूद राज्य सरकार ने अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने मांग की कि जेपीएससी और जेएसएससी की विवादित परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक संबंधित परीक्षाओं को रद्द किया जाए। छात्र नेताओं का दावा है कि ब्लैकलिस्टेड एजेंसी से परीक्षा कराए जाने की पुष्टि हुई है और एजेंसी के कुछ अधिकारी पुलिस हिरासत में हैं। साथ ही दोनों आयोगों के कुछ अधिकारी भी जांच के दायरे में बताए गए हैं।

प्रेस वार्ता में राम अवतार महतो, बृजभूषण झा, संदीप कुमार गुप्ता, रवि कुमार, संजय साहू सहित अन्य छात्र प्रतिनिधि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story