मंच ने सहायक कारापाल भर्ती में दौड़ की समय सीमा काे लेकर साैंपा ज्ञापन
रांची, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के छात्र प्रतिनिधिमंडल ने सहायक कारापाल भर्ती परीक्षा में दौड़ की समय सीमा छह मिनट से बढ़ाकर सात मिनट करने की मांग को लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सचिवालय में ज्ञापन देकर भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित समय सीमा में संशोधन करने की मांग की। मंच के प्रतिनिधियों ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पूर्व में हुए छात्र आंदोलन के दौरान रिफॉर्म मंच और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच दौड़ की समय सीमा सात मिनट करने पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद सहायक कारापाल भर्ती में दौड़ के लिए छह मिनट निर्धारित किए गए हैं।
मंच ने इसे छात्रों के हितों के विपरीत बताते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा में बदलाव किया जाना चाहिए। छात्र प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि दौड़ की तारीख घोषित करने से पहले समय सीमा छह मिनट से बढ़ाकर सात मिनट की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को पूर्व में बनी सहमति के अनुरूप अवसर मिल सके।
वहीं छात्र नेता रविन्द्र पासवान ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो छात्र फिर से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में राहुल क्रांति, राहुल कुमार, जयराज कुमार, रूपेश पाल और विभाष कुमार सहित अन्य छात्र शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

