जेएसएससी-जेपीएससी की सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों का सत्याग्रह जारी

WhatsApp Channel Join Now
जेएसएससी-जेपीएससी की सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों का सत्याग्रह जारी


रांची, 26 जुलाई (हि.स.)। जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में चल रहे अनिश्चितकालीन सत्याग्रह धरना दूसरे दिन रविवार को भी जारी रहा। बड़ी संख्या में छात्र और अभ्यर्थी धरनास्थल पर जुटे और सरकार से विवादित भर्ती परीक्षाओं पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

धरनास्थल पर छात्रों ने झारखंड सरकार होश में आओ, भ्रष्टाचार बंद करो और सीबीआई जांच कराओ, परीक्षा रद्द करो जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। जेएसएससी की ओर से विवादित परीक्षा एजेंसी को लेकर स्पष्टीकरण जारी किए जाने के बावजूद अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी रही।

इस अवसर पर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि जांच टीम के समक्ष भर्ती परीक्षाओं में धांधली और अनियमितताओं से जुड़े कई तथ्य सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद अबतक विवादित परीक्षाओं को रद्द नहीं किया जाना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने, जेपीएससी और जेएसएससी की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार करने तथा विवादित भर्ती परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ पुनः आयोजित करने की मांग की।

धरना में दीनबंधु मंडल, रामावतार महतो, दीप्ति पांडे, रिहान अंसारी, महावीर साहू, शिल्पी कुमारी, अंकित कुमार, आलिया नाज सहित बड़ी संख्या में छात्र और अभ्यर्थी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story