जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों का सत्याग्रह शुरू

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों का सत्याग्रह शुरू


रांची, 25 जुलाई (हि.स.)।

जेपीएससी की 14 वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के बाद परीक्षा प्रक्रिया को लेकर उठे विवाद के बीच मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में छात्रों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शनिवार से शुरू हो गया।

मौके पर आंदोलनरत छात्रों ने ब्लैकलिस्टेड एजेंसी से आयोजित जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग दोहराई। वहीं धरनास्थल को खाली कराने के लिए प्रशासन की ओर से दबाव बनाए जाने की सूचना पर झारखंंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने आंदोलनरत छात्रों का समर्थन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ब्लैकलिस्टेड एजेंसी से आयोजित नियमित जेपीएससी, बैकलॉग जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल सहित अन्य विवादित भर्ती परीक्षाओं की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए।

उन्होंने पूर्व की एसआईटी जांच पर भी सवाल उठाए।

धरना का नेतृत्व कर रहे छात्र प्रतिनिधि राम अवतार महतो ने कहा कि परीक्षा रद्द होने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा संचालन से जुड़े मामले में जांच का दायरा अब जेएसएससी तक पहुंच चुका है और अब तक परीक्षा एजेंसी और आयोग से जुड़े आठ लोगों को पुलिस हिरासत में लिया जा चुका है। उनका कहना है कि इससे परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

सत्याग्रह कार्यक्रम में निशांत यादव, दीनबंधु मंडल, दीपक मिंज, अर्चना कुमारी, सतनारायण शुक्ला, उदय मेहता, राहुल कुमार, राम प्रवेश सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सहित बडी संख्या में अभिभावक मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story