संघर्ष और मेहनत से ही मिलती है सफलता : राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
संघर्ष और मेहनत से ही मिलती है सफलता : राज्यपाल


रांची, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को लोकभवन में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मोरहाबादी के छात्रों और शिव नारायण मारवाड़ी कन्या मध्य विद्यालय की छात्राओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, लगातार मेहनत करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

राज्यपाल ने बच्चों के साथ अपने जीवन के संघर्षों को साझा किया। उन्होंने बताया कि वे भी एक सामान्य परिवार से आते हैं। जब वे मात्र एक वर्ष के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया था। उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण किया और उन्हें शिक्षा दिलाई। उन्होंने कहा कि जीवन में कई मुश्किलें आती हैं, लेकिन मजबूत इरादे और मेहनत से हर चुनौती का सामना किया जा सकता है।

राज्यपाल ने कहा कि बच्चों को अच्छे विद्यालय में पढ़ने का अवसर मिल रहा है, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। समाज के लोग भी शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपनी पढ़ाई को गंभीरता से लें और जीवन में आगे बढ़ने का लक्ष्य तय करें।

उन्होंने कहा कि पढ़ाई के दौरान किसी विषय को लेकर मन में सवाल या संदेह हो, तो शिक्षकों और सहपाठियों से पूछने में संकोच नहीं करना चाहिए. सवाल पूछने और नई चीजें सीखने की इच्छा से ही ज्ञान बढ़ता है। उन्होंने बच्चों से अच्छे नागरिक बनने और अपने सपनों को सीमित नहीं रखने की अपील की।

राज्यपाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति भी अपनी मेहनत, प्रतिभा और मजबूत इच्छाशक्ति से बड़ा मुकाम हासिल कर सकता है। इसलिए बच्चों को पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।

इस अवसर पर राज्यपाल ने बच्चों को लोकभवन के उद्यान में लगे कल्पतरु, रुद्राक्ष और सिंदूर सहित कई खास पौधों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद बच्चों ने लोकभवन के उद्यान का भ्रमण भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771374 Articles

Share this story